केंद्रीय खेल मंत्रालय ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए 13 सदस्यीय अधिकार प्राप्त संचालन समिति (ECS) गठन करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इस समिति का कार्य राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और ओलिंपिक खेलों में शामिल उच्च प्राथमिकता और प्राथमिकता वाले खेलों के लिए संभावित कोर खिलाड़ियों की सूची की समीक्षा करना होगा।

यह समिति 31 दिसंबर 2020 तक कार्य करेगी। यह खिलाड़ियों को शामिल करने या उनका नाम हटाने की सिफारिश भी कर सकती है। सरकार ने टोक्यो ओलंपिक 2020, पेरिस ओलंपिक 2024 और लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 में पदक संख्या बढ़ाने, खिलाडिय़ों के बेहतर प्रदर्शन और सही दिशा में तैयारियों के मद्देनजर यह निर्णय किया है। आठ सदस्यीय टास्क फोर्स ने 22 मई को अपनी अंतरिम रिपोर्ट मंत्रालय को सौंपी थी, जिसमें टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों के लिए अल्पकालिक योजना पर ध्यान केंद्रित किया गया था। इस समिति में एक अध्यक्ष और एक सीईओ होगा।

इसके अलावा पिछले दस वर्ष में संन्यास लेने वाले तीन ऐसे खिलाड़ी शामिल होंगे जिनसे जुड़े खेल में पदक जीतने की संभावना अधिक होगी। इसके सदस्यों में एक कोच और तीन खेल वैज्ञानिकों को भी रखा जायेगा जो बायोमैकेनिक, खेल पोषण और खेल मनोविज्ञान से जुड़े हों। इनके अलावा इसमें सरकार के दो प्रतिनिधि होंगे जिसमें एक खेल मंत्रालय से और दूसरा भारतीय खेल प्राधिकरण से होगा।