फेम इण्डिया मैगजीन ने एशिया पोस्ट सर्वे एजेंसी के साथ मिलकर विभिन्न राज्यों से 21 सर्वश्रेष्ठ मंत्रियों का चयन किया जिन्हें शनिवार, 9 नवंबर 2019 को विज्ञान भवन, नयी दिल्ली में एक भव्य समारोह में सम्मानित किया गया।

इस अवसर कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इस मौके पर मुख्य अतिथि भारत सरकार के कौशल विकास मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि सकारात्मक कार्यों की चर्चा से देश में उत्साह का माहौल बनता है वहीं जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों के सम्मान से उनकी जनता और लोकतंत्र के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने की आत्मशक्ति को बल मिलती है।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि अहमदाबाद पश्चिम के लोकसभा सांसद डॉ. किरीट प्रेमजी भाई सोलंकी ने कहा कि इससे राजनेताओं के प्रति पब्लिक ओपिनियन चेंज होगी वहीं राजनेताओं की अपनी जिम्मेदारियों के प्रति निष्ठा बढ़ेगी।

प्रख्यात पत्रकार और द फ्रंट के संस्थापक राणा यशवंत ने कहा कि राज्यों की सरकारें सीधे तौर पर आम नागरिकों से जुड़ी होती हैं इसलिये इनका सक्षम और सक्रिय होना नितांत आवश्यक माना जाता है। इसी क्रम में उन मंत्रियों का आकलन भी जरूरी है जो अपने-अपने राज्यों में प्रशासन की बागडोर सुचारू रूप से चला रहे हैं । यह अपनी तरह का पहला सर्वे था, जिसमें देश भर के मंत्रियों को शामिल कर उनकी रेटिंग की गयी ।

फेम इंडिया के संपादकीय प्रमुख यूएस सोंथालिया ने बताया कि फेम इंडिया ने देश भर के सभी राज्य सरकारों के मंत्रियों का सर्वेक्षण प्रमुख रेटिंग एजेंसी एशिया पोस्ट से करवाया। इनके आकलन में कई महत्त्वपूर्ण पहलुओं को ध्यान में रखा गया। फेम इंडिया मैगजीन के इस सम्मान समारोह का उद्देश्य अद्वितीय कार्य कर रहे राज्य सरकारों के वैसे मंत्रियों को चुन कर देश के समक्ष लाना था जो निरंतर अद्भुत कार्यशैली और अपने मंत्रालयों में अप्रतिम कार्य क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। फेम इंडिया मैगजीन लगातार इस तरह के सर्वे द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों के अद्वितीय कार्यक्षमता वाले लोगों को देश के समक्ष लाने का प्रयास करती रही है।

इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों ने कार्यक्रम का हिस्सा लिया जिनमें मारवाह स्टूडियो के संस्थापक संदीप मारवाह, पूर्व राज्यसभा सांसद साबिर अली, कात्यायनी टीवी के सीईओ रोहित रोहण आदि गणमान्य लोगों ने अपने विचार रखे।

फेम इंडिया सर्वश्रेष्ठ मंत्री अवार्ड 2019 से सम्मानित होने वाले मंत्रियों में महाराष्ट्र से सुधीर मुनगंटीवार, बिहार के पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव , छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, अरुणाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री चाउना मेन, मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी, उड़ीसा के नगर विकास मंत्री प्रताप जेना, सिक्किम के पर्यटन मंत्री बेदू सिंह पंथ, हिमाचल प्रदेश के सिंचाई विभाग के मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे, हरियाणा के विपुल गोयल आदि प्रमुख नाम शामिल रहे। मंत्रियों में पुरस्कार के प्रति खासा उत्साह रहा और अधिकतर ने इसे अपने-अपने राज्य की जनता की जीत बताया।