प्रतापगढ़, कहा जाता है कि एक राष्ट्र की नींव में धर्म निहित होता है। इसलिए एक मज़बूत राष्ट्र के लिए धर्म की रक्षा ज़रूरी है। इसी उद्देश्य से कल गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रातः 9:30 बजे लालाबाज़ार, कुंडा, प्रतापगढ़ में दिव्य सेवा समूह द्वारा ध्वजारोहण एवं दिव्य सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन किया जाएगा।
आपको बता दें कि दिव्य सेवा कार्यों के लिए गठित ‘दिव्य सेवा समूह’ में राष्ट्र सेवा, धरा सेवा, गौ सेवा, कुष्ठ रोगी सेवा, शिक्षा सेवा, प्रभु गुणगान आदि सम्मिलित है।
प्रमुखतः यह समूह राष्ट्र और धर्म को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करता है। इस समूह के संस्थापक प्रमोद केसरवानी हैं, जो पिछले नौ वर्षों से गाज़ियाबाद स्थित पावन चिंतन धारा चैरिटेबल ट्रस्ट में सामाजिक कार्यों हेतु कार्यरत थे। इन्होंने इस संस्थान व भारतीय ज्ञान शोध संस्थान में प्रकाशन अधिकारी तथा मीडिया प्रभारी के रूप में कार्य किया। वर्तमान में कवि एवं लेखक की भूमिका में अपने आप को स्थापित कर रहे हैं। इन्होंने अपने कुछ युवा मित्रों के साथ मिलकर राष्ट्र को समर्पित सेवा कार्यों हेतु इस समूह का गठन किया है।
इस समूह का पहला उद्देश्य है मेन चौक लालाबाज़ार स्थित ‘प्राचीन भोले बाबा शिव मंदिर’ का जीर्णोद्धार करना जिसके लिए धनार्जन हेतु भिक्षाटन किया जा रहा है। जीर्णोद्धार के कार्य का शुभारंभ हिन्दू नववर्ष यानी चैत्र नवरात्र की प्रतिपदा पर होगा। साथ ही प्रत्येक शनिवार मंदिर परिसर में दिव्य सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 26 जनवरी,2019 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सर्वप्रथम प्रातः 9:30 बजे राष्ट्रगान की धुन के साथ ध्वजारोहण कार्यक्रम सम्पन्न होगा तत्पश्चात यज्ञ के साथ दिव्य सुन्दरकाण्ड पाठ का शुभारंभ होगा। अंत में हनुमान चालीसा व आरती सम्पन्न होगी।
कार्यक्रम का समापन करते हुए हलवा-चने का भोग प्रसाद वितरित किया जाएगा।