भारत और श्रीलंका

भारत और श्रीलंका के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का आखिरी टेस्ट कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने लगातार तीसरी बार टॉस जीतकर बल्लेबाजी का निर्णय लिया है। टीम इंडिया में रवींद्र जडेजा की जगह कुलदीप यादव को शामिल किया गया है। श्रीलंका की टीम में 3 बदलाव हुए हैं, लक्षण रंगीका, विश्व फर्नांडो और लाहिरू कुमारा को श्रीलंकाई टीम में शामिल किया गया है।

3 टेस्ट मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले दो मुकाबलों में टीम इंडिया ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर सीरीज में अजेय बढ़त बना ली है। अब भारतीय टीम को वो कारनामा करना है जो भारतीय क्रिकेट इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ है। पल्लेकेले मैदान पर टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ तीसरा टेस्ट मैच खेलने उतरेगी, जिसमें उसका मकसद होगा श्रीलंका पर क्लीन स्वीप करना। अभी तक टेस्ट इतिहास में किसी भी भारतीय कप्तान ने विदेशी सरजमीं पर 3-0 से सीरीज नहीं जीती है। अब विराट कोहली के पास ये मौका है, जिसके लिए उसे पल्लेकेले में जीत का तिरंगा लहराना ही होगा।

पल्लेकेले की पिच एशिया की तेज पिचों में से एक है। यहां पर तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है। पिच में उछाल और तेजी दोनों होती है। मुमकिन है कि श्रीलंकाई टीम यहां पर तीन तेज गेंदबाजों के साथ उतरे। टीम इंडिया ने इस मैदान पर कभी भी टेस्ट मैच नहीं खेला है, ऐसे में इस मैदान की पिच टीम इंडिया के बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें जरूर पैदा कर सकती है। पिछले दो मैचों में टीम इंडिया ने 600 रनों का आंकड़ा पार किया है, पल्लेकेले में ऐसा होने के आसार कम ही हैं।

दोनों टीमें-
भारत: के एल राहुल, शिखर धवन, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान) अजिंक्य रहाणे, हार्दिक पंड्या, रविचंद्रन अश्विन, ऋद्धिमान साहा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी और उमेश यादव

श्रीलंका : उपुल थरंगा, दिमुथ करुणारत्ने, कुशल मेंडिस, एंजेलो मैथ्यूज, दिनेश चांडीमल(कप्तान), निरोशन डिकवेला, दिलरुवान परेरा, विश्व फर्नांडो, लक्षण रंगीका और लाहिरू कुमारा