Mortar Shells on Pak Bases, Ceasefire violation, Firing at Border, Indian Army

पाक अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। उसने एक बार फिर से सीजफायर का उल्लंघन किया है। शनिवार सुबह को पाकिस्तान की ओर से जम्मू एवं कश्मीर के मेंढर सेक्टर में गोलाबारी की गई। इसमें 45 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार पाकिस्तान ने आज सुबह करीब 05:35 बजे दो गोले दागे, जिससे एक घर क्षतिग्रस्त हो गया और एक महिला की मौत हो गई। इसके साथ ही शुक्रवार रात आतंकियों ने कुपवाड़ा जिले के कालारूस के फॉरेस्ट इलाके में स्थित आर्मी हेडक्वार्टर पर भी हमला बोल दिया था। इसमें सेना का एक जवान बुरी तरह से घायल हो गया था।

सूत्रों ने बताया है कि आतंकियों की तरफ से कम से कम 10 मिनट तक लगातार अंधाधुंध फायरिंग की गई है। इसका सुरक्षा बलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। इस गोलीबारी में 21 जाट राइफल का एक जवान बुरी तरह से घायल हो गया है, जिसको मिलिट्री हॉस्पिटल ड्रगमुल्ला में भर्ती कराया गया है। सुरक्षा बल अभी इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

शनिवार सुबह घाटी के त्राल में सुरक्षा बलों ने फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। हालांकि सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि आतंकी जाकिर मूसा एक बार फिर से चकमा देकर भाग गया है। आपको बता दें कि सेना ने घाटी से आतंकियों का सफाया करने के लिए ‘ऑपरेशन ऑल आउट’ शुरू कर रखा है।

इससे पहले मंगलवार को जम्मू के पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर में पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया था। सीमापार से होने वाली फायरिंग में बलनोई इलाके में सीमा पर तैनात सिपाही पवन हलमत शहीद हो गए थे। पाकिस्तान ने गोलीबारी के साथ ही भारतीय सीमा में मोर्टार और रॉकेट भी दागे थे। इसका भारतीय सेना ने मुहंतोड़ जवाब दिया था।

इसके बाद बुधवार को भारत ने पाकिस्तान उच्चायोग के एक अधिकारी को समन कर PAK की ओर से की जाने वाली बिना उकसावे की कार्रवाई की निंदा की थी। भारत ने संघर्षविराम उल्लंघन में एक भारतीय सैनिक की मौत पर डिमार्शे जारी किया था और इसे निंदनीय करार दिया था। विदेश मंत्रालय ने काउंसलर तारिक करीम को इस मामले में समन भेजा था।