girl_deadbody_home

दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में एक नाबालिग लड़की का नरकंकाल उसके घर से बरामद हुआ है। डेढ़ साल पहले मौत को गले लगाने वाली लड़की को उसके परिजनों ने घर के अंदर ही कब्र खोदकर दफ्न कर दिया था। हैरान करने वाली बात ये है कि इस बात की शिकायत पडोसियों ने इतना वक्त बीत जाने के बाद पुलिस से की है।

मामला फरीदाबाद के संतोष नगर का है। जहां एक घर में खुदाई के दौरान एक लड़की का नरकंकाल मिला है। इस लड़की को उसके परिजनों ने करीब डेढ़ साल पहले घर में ही दफना दिया था। पुलिस को शुरुआती जांच में मामला सुसाइड का लग रहा है। हैरानी की बात यह है कि घरवालों ने लड़की की मौत के बाद घर में दफ्न क्यों किया था।

पुलिस के मुताबिक लड़की ने 14 जुलाई 2015 को घर में ही सुसाइड कर लिया था। उसके परिजनों ने लोक लाज के डर से घर में ही एक कमरे के अंदर कब्र खोदकर लड़की को उसमें ही दफना दिया था। पुलिस को अब जाकर घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने मौके पर जाकर कमरा खुलवाया। खुदाई की और वहां लड़की का नरकंकाल बरामद किया गया है।

पुलिस की जांच में अभी तक सुसाइड का मामला सामने तो आया है, मगर आगे की जांच के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस ने बताया कि लड़की के परिजनों को उसका नौकरी करना पसंद नहीं था। लड़की ने इसी बात से परेशान होकर ख़ुदकुशी कर ली थी।

वहीं, दूसरी तरफ पड़ोसियों का कहना है कि मृतक लड़की का साया पिछले काफी दिनों से पड़ोसियों को परेशान कर रहा था। मृतक लड़की पिछले डेढ़ साल से पड़ोस में रहने वाले लोगों को भूत बनकर डरा रही थी। वह कहती थी ‘मुझे घर के अंदर ही मेरे मां-बाप ने दफना दिया है। मुझे बाहर निकालो।’

इसके बाद ही पड़ोसियों ने पुलिस को शिकायत की थी। पडोसी इस मौत के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला भी बता रहे हैं। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच पड़ताल कर रही है।