North India, Summer, Meteorological Department, Water problem, Shimla, Rajasthan

नई दिल्लीः उत्तर भारत में झुलसा देने वाली प्रचंड गर्मी का कहर जारी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज भी काफी गर्मी रही। दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन में सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वहीं मौसम विभाग ने आज तेज हवाएं चलने और आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है।

जानिए कहां कितना है तापमान

-पंजाब में गर्मी काफी तेजा से पड़ रही है। पंजाब में करीब 41 डिग्री तक तापमान रहा।
-हरियाणा में आज 42 डिग्री तापमान है। हिसार और भिवानी इस क्षेत्र का सबसे गर्म स्थान रहा। इन दोनों राज्यों के ज्यादातर जगहों पर तापमान सामान्य से एक या दो डिग्री अधिक ही रहा।
-उत्तर प्रदेश के भी अधिकांश भागों में भयंकर गर्मी पड़ रही है। फैजाबाद, लखनऊ, आगरा, बरेली और मेरठ में दिन का तापमान इस सीजन में सामान्य के आसपास ही रहा।
-राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। 48.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ श्रीगंगानगर सबसे गर्म स्थान रहा।
-मध्य प्रदेश में तापमान 40 डिग्री तक रहा। गर्मी बढ़ने के साथ ही राज्य में पानी का संकट भी गहराने लगा है। राज्य के लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं।
-गर्मी से झुलस रहे हिमाचल प्रदेश के नागरिकों को पानी की कमी का भी सामना करना पड़ रहा है। शिमला में पानी के लिए लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। पानी की कमी से उपजी हताशा के बीच लोग सड़क पर उतर कर सरकार और नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।