Yashwant Sinha

नोटबंदी और जीएसटी मुद्दे पर बीजेपी को घेरने वाले पार्टी से नाराज चल रहे यशवंत सिन्हा अब GST मुद्दे पर गुजरात में मोदी सरकार को घेरने की तैयारी कर रहे हैं। पूर्व वित्तमंत्री यशवंत सिन्हा 14 नवंबर को गुजरात के राजकोट जाने वाले हैं, जहां वह जीएसटी और नोटबंदी को लेकर नाराज चल रहे राजकोट के व्यापारियों से मुलाकात करने वाले हैं।

यशवंत सिन्हा गुजरात के राजकोट में 3 दिनों तक रहेंगे, इन तीन दिनों के दौरान वह जीएसटी और नोटबंदी को लेकर ट्रेडर्स से बातचीत करेंगे और उसे लेकर उनके कंफ्यूजन्स को दूर करेंगे। यशवंत सिन्हा का यह दौरा लोकशाही बचाओ अभ‍ियान नाम के एनजीओ के बैनर तले आयोजित किया जा रहा है। बीजेपी के सीनियर नेता और पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सरकार द्वारा लिए गए आर्थिक फैसलों पर कई बार सीधे चोट किया है।

यशवंत सिन्हा का कहना है कि अगर कोई गलत कदम उठया जाता है तो उसके खिलाफ वो चुप नहीं बैठेंगे। हाल ही में पूर्व वित्तमंत्री यशवंत सिन्हा ने मोदी सरकार के नोटबंदी और जीएसटी के फैसले को गलत बताया था. बीजेपी विरोधी बयान देने के बाद चुनावी माहौल में यशवंत सिन्हा का गुजरात जाना कांग्रेस के लिए लाभकारी बताया जा रहा है। हालांकि, इस एनजीओ के साथ कई कांग्रेसी नेता भी जुड़े हुए हैं लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी यशवंत सिन्हा के गुजरात दौरे को कांग्रेस के बैनर तले बताने से इंकार कर रहे हैं, इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम भी जीएसटी पर राजकोट के व्यापारियों से बात कर चुके हैं। यशवंत सिन्हा का राजकोट आना भी इसी की कड़ी है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पी. चिदंबरम और यशवंत सिन्हा जैसे लोग जब बिना किसी राजनीतिक बैनर के कुछ बोलते हैं तो भी लोग उन्हें सुनते हैं और लोगों को उससे फायदा होता है।सिन्हा इस दौरे के दौरान राजकोट, अहमदाबाद और सूरत के व्यापारियों से बातचीत करेंगे।