hariyana

विदेशी तकनीक की नकल कर पीड़ित की सहायता के लिए कम समय में पुलिसकर्मियों के पहुंचने के लिए प्रदेश स्तर पर यूपी-100 की स्थापना की गई थी।मगर यह योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। इस पर सत्तापक्ष और विपक्ष में संग्राम छिड़ गया है।

बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग में यूपी-100 पर योगी इस कदर खफा थे कि उन्होंने इसके भ्रष्टाचारी अफसरों को बर्खास्त करने से लेकर जेल भेजने तक की हिदायत दे दी। यूपी-100 पर पूरी तैयारी से गए डीजीपी सुलखान सिंह ने तत्काल 511 पुलिसकर्मियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का ब्यौरा गिना दिया। यूपी-100 की सेवा के दौरान एक जनवरी 2017 से 31 जुलाई 2017 तक चार उप निरीक्षक, 90 मुख्य आरक्षी और 158 आरक्षी निलंबित किए गए हैं।

एक मुख्य आरक्षी और एक आरक्षी को बर्खास्त किया गया है, जबकि चार उपनिरीक्षक, 82 मुख्य आरक्षी और 154 आरक्षी को लघु दंड तथा एक उपनिरीक्षक, चार मुख्य आरक्षी और पांच आरक्षी को दीर्घ दंड दिया गया है। एक मुख्य आरक्षी और छह आरक्षी को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा गया।