सामाजिक

शराब के नशे में धुत दूल्हा दुल्हन से छेड़खानी करने लगा, तो दुल्हन ने कहा- एेसे नालायक दूल्हे से शादी नहीं करूंगी। यह सुनते ही दूल्हा पड़ोस के घर की छत पर चढ़ गया और शोले फिल्म की तरह डॉयलॉग बोलने लगा- शादी नहीं करोगी तो कूद जाउंगा, फांद जाउंगा।

यह सुनकर भी दुल्हन अपनी जिद से नहीं हटी और अंत में शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पंचायत हुई और बारात बैरंग वापस लौट गई। घटना विद्यापतिनगर थाने के बढ़ौना गांव की है। समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर की यह घटना है। मोहिउदीननगर थाने के भासिंगपुर निवासी अमरनाथ राय के बेटे दिनकर की बारात बुधवार को बढ़ौना आई थी। बैंड बाजे की धुन पर जब लड़के वाले नाचते-झूमते हुए वधू पक्ष के दरवाजे पर पहुंचे।

दरवाजा लगने के बाद वरमाला के समय दूल्हा शराब के नशे में धुत था। नशा चढ़ते ही शराबी दूल्हा दुल्हन से शरारत करते हुए हंगामा करने लगा। तब दुल्हन ने शराबी दूल्हा से शादी करने से इंकार कर दिया। लड़की को काफी समझाने की कोशिश की गई, मगर वह अपनी जिद पर अड़ी रही। इसके बावजूद दूल्हा हंगामा करता रहा।

जब कन्या पक्ष को लगा कि दुल्हन शादी नहीं करेगी, तो खर्च की रकम वापसी के लिए दूल्हे समेत परिजनों को बंधक बना लिया। नशे में धुत दूल्हा रात में भाग कर बगल में स्कूल की छत पर चढ़कर शोले फिल्म की स्टाइल में सुसाइड करने की धमकी देने लगा। इसके बाद किसी तरह ग्रामीणों ने लड़के को छत से नीचे उतारा। उसके बाद बारातियों को बैरंग वापस लौटना पड़ा।

सामाजिक स्तर पर सुबह वर पक्ष और वधू पक्ष की ओर से पंचायत बुलाई गई। पंचायत के दौरान हुए फैसले में वर पक्ष को शादी नहीं किए जाने की बात कहते हुए उपहार स्वरूप दिए गए सामान और शादी में हुई खर्च लौटाए जाने का फैसला लिया गया। हालांकि, इस दौरान किसी ने पुलिस को इस घटना की सूचना नहीं दी। ग्रामीण अपने स्तर से पंचायत कर मामले को सुलझाने में लगे थे।