दिल्ली: 23 अगस्त को दिल्ली के बवाना विधानसभा सीट पर मतदान होना है। चुनाव प्रचार में इसी के मद्देनजर हर एक राजनीतिक पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बवाना विधानसभा सीट के लिए आए दिन राजनीतिक मैदान में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष मनोज तिवारी और कांग्रेस दिल्ली अध्यक्ष अजय माकन जैसे दिग्गज नेता अपनी अपनी पार्टी उम्मीदवार के लिए वोट मांगते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने इसी के मद्देनजर बवाना में अपने उम्मीदवार सुरेंद्र कुमार के लिए विशाल रैली की।

बवाना में 23 अगस्त को होने वाले चुनाव के लिए कांग्रेस के मंच पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा कांग्रेस दिल्ली अध्यक्ष अजय माकन पूर्व सांसद सज्जन कुमार और कांग्रेस सरकार में पूर्व मंत्री रहे योगानंद शास्त्री बैठे हुए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र कुमार के लिए यह सभी दिग्गज वोट मांगने जनता के बीच आए हैं।

कांग्रेस के इन सभी दिग्गजों ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जमकर नरेंद्र मोदी और अरविंद केजरीवाल को कोसा और विकास के लिए सिर्फ कांग्रेस की वापसी के लिए जनता से अपील की। कांग्रेस दिल्ली अध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हर चुनावी सभा में जनता से माफी मांगते हैं ऐसे मेंजनता उन्हें कब तक मौका दें।

कांग्रेस पार्टी का यह दावा है कि बवाना विधान सभा में आने वाले 26 के 26 गांव इस बार कांग्रेस पार्टी के साथ हैं। बवाना विधान सभा सीट आम आदमी पार्टी के विधायक वेद प्रकाश के इस्तीफे के कारण खाली हुई है। इस बार वेद प्रकाश भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

पार्टियाँ चाहें जो भी दावा करती हो पर जनता अपने पैमानों की कसौटी पर कस कर अपना वोट करती है। नेता अपने दांवों के आधार पर चुनावी सभाएं करते हैं। आने वाले 23 अगस्त को जनता की उम्मीदें और नेताओं के दावे के बीच कौन अपनी परीक्षा में सही साबित होता है यह बात चुनाव में तय हो जाएगी।