जम्मू कश्मीर

जम्मू: यहां के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय चौकियों पर पाकिस्तानी सैनिकों के शनिवार शाम फायरिंग शुरू कर दी जिससे भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया और एक महिला की भी मौत हो गई।

रक्षा विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा कि, पाकिस्तानी सैनिकों ने शाम पांच बजे भारतीय चौकियों पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में मध्यप्रदेश निवासी नायब सूबेदार जगराम सिंह तोमर (42) गंभीर रूप से जख्मी होने के बाद में उनकी मृत्यु हो गई।

उन्होंने कहा कि, तोमर मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के तरसाना गांव के रहने वाले थे और उनके परिवार में पत्नी ओमवती देवी, एक बेटा और एक बेटी है। वह बहादुर और निष्ठावान सैनिक थे। देश की सेवा में शहादत देने के लिए राष्ट्र हमेशा उनका आभारी रहेगा।

प्रवक्ता ने बताया, पाकिस्तानी सेना ने पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास सुबह सवा पांच बजे छोटे हथियारों, स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार से गोले दागे। गोलीबारी सुबह पौने सात बजे बंद हुई।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि, सुबह पांच बजकर 20 मिनट पर सीमा पार से दागे गए मोर्टार के गोले मे से एक गांव में मोहम्मद शबीर के घर के पास गिरा जिससे उनकी पत्नी राकिया बी की मौत हो गई।

वहीँ, जम्मू कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों ने शनिवार की शाम को आतंकवादियों को घेरा और मुठभेड़ में सेना का एक जवान शहीद हो गया, जबकि 4 अन्य घायल हो गए। दोनों तरफ से फायरिंग जारी है। यह मुठभेड़ दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले के अवनीरा गांव में जारी है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुठभेड़ में एक आतंकवादी भी मारा गया है लेकिन अबतक आतंकवादी का शव बरामद नहीं किया जा सका है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता से मुठभेड़ के संबंध में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। सूत्रों के अनुसार सुरक्षाबलों ने क्षेत्र में जैसे ही आतंकवादियों की धर-पकड़ के लिए अभियान शुरू किया स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आये और सुरक्षा बलों की कार्रवाई में व्यवधान उत्पन्न करने की कोशिश की।

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक 2 जवान आतंकियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हो गए हैं, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं। घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय स्तर पर इस इलाके को बगदाद के नाम से जाना जाता है।

आईजी मुनीर खान ने एनकाउंटर की जानकारी देते हुए बताया, ‘अवनीरा गांव के जैनपोरा इलाके में जारी मुठभेड़ में एक जवान शहीद हो गया है, जबकि चार अन्य घायल हो गए हैं। यह मुठभेड़ शनिवार की शाम को शुरू हुआ और अभी भी जारी है।’

उन्होंने कहा, भारतीय सेना ने मजबूती से और प्रभावी रूप से जवाब दिया। प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षाबल जैसे ही वांछित क्षेत्र में आगे बढ़ने लगे, वहां पहले से ही छिपे आतंकवादियों ने स्वचालित हथियार से गोलीबारी शुरू कर दी जिसका सुरक्षाबलों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।