Jodhpur Court,Asaram, Minor Rape Case

जयपुर: नाबालिग से यौन उत्पीड़न के आरोप में उम्र कैद की सजा पाए कथावाचक आसाराम का आज पहली बार जेल से मिले नाश्ते से ही संतोष करना पड़ा। जेल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अदालत द्वारा बुधवार को सुनाई गई सजा के बाद आसाराम बहुत बैचेन है और रात को वह काफी देर तक सो नहीं पाए। उन्होंने कल रात जेल से मिला भोजन भी नही किया। सजा मिलने के बाद आसाराम की पहचान 130 नंबर कैदी के रूप में हुई है। कल तक अपने आश्रम की ओर से आने वाले खाने पर निर्भर रहने वाले आसाराम को अब जेल के नाश्ते और रोटियों पर ही रहना होगा। जेल मेनुअल के अनुसार सजा मिलने के बाद अब कैदी को जेल का ही भोजन करना होगा। सूत्रों के अनुसार आसाराम की दिनचर्या में आज परिवर्तन देखने को मिला।

उन्होंने आज सवेरे जेल प्रशासन की ओर से नाश्ते में मिले मूंगफली, चना और गुड का सेवन किया। उन्हें आज सवेरे अन्य कैदियों की तरह ही उठाया गया। जेल अधीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि नियमों के तहत सभी कैदियों को कार्य बांटा जाता है लेकिन उनकी उम्र को देखते हुए हल्का कार्य ही दिया जाएगा। अभी यह तत्काल पता नहीं चला है कि उन्हें जेल में क्या काम दिया गया है लेकिन बताया जाता है कि अब आसाराम वहां पौधे की देखरेख और पानी देने का काम दिया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि गत 56 माह से जेल में बंद आसाराम अब तक अपने आश्रम से मंगाए हुए भोजन का ही सेवन करता था लेकिन कल सायं से यह सिलसिला बंद हो गया है।