पूर्व बीजेपी नेता सलीम शाह को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। शाह को बीफ रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बरामद मांस के बीफ की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने सोमवार को सलीम को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में सलीम के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। बता दें कि नागपुर में गोरक्षकों ने पूर्व बीजेपी नेता सलीम शाह की पिटाई की थी।

बीते शनिवार नागपुर की रीजनल फोरेंसिक लैब में सलीम के पास से बरामद मांस के बीफ होने की पुष्टि हुई थी। थोड़ी देर में सलीम शाह को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

12 वर्षों से पार्टी से जुड़े हुए थे
सलीम काटोल तहसील की बीजेपी की अल्पसंख्यक इकाई के पूर्व प्रभारी थे। इस मामले के सामने आने के बाद शाह को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। वह बीते 12 वर्षों से पार्टी से जुड़े हुए थे। बीजेपी जिलाध्यक्ष राजीव पोटदार ने बताया कि शाह को निष्कासन संबंधी लेटर भेज दिया गया है।

पूरा मामला जानें
बीते बुधवार सलीम शाह अपने स्कूटर पर 15 किलो बीफ ले जा रहे थे। प्रहार सेना के सदस्यों को जब इसका पता लगा तो उन्होंने शाह की पिटाई कर दी। पिटाई की वजह से सलीम बेहोश हो गए थे। पुलिस ने सलीम पर गोमांस रखने का मामला दर्ज कर लिया था। वहीं क्रॉस FIR के बाद पुलिस ने इस केस में चार लोगों को भी गिरफ्तार किया था।

नागपुर देहात के एसपी शैलेष बलकावड़े ने बताया, ‘बीफ रखने वालों को एक साल की कैद और जुर्माना देना होता है।’