कान: 70वें कान फिल्म महोत्सव में दूसरे दिन रेड कार्पेट पर उतरी अभिनेत्री सोनम कपूर ने सुनहरे रंग का परिधान पहना था। सोनम ने एली साब का डिज़ाइन किया हुआ गहरे गले का सुनहरे रंग का परिधान पहन रखा था, जिसमें कमर पर सुनहरे रंग का बेल्ट था।

31 वर्षीया अभिनेत्री सोनम कपूर ने हाथ में सुनहरे रंग का क्लच भी ले रखा था। सोनम कान फिल्‍म महोत्‍सव में हिस्‍सा लेने के लिए अपनी बहन रिया कपूर संग पहुंची थी। सोनम कपूर के इस गोल्‍डन गर्ल वाले लुक ने वहां मौजूद लोगों का ध्‍यान अपनी ओर खींच लिया। सोनम रेड कारपेट पर चलते हुए बेहद खूबबसूरत और कॉन्फिडेंट लग रही थीं।

गहनों में उन्होंने केवल एक अंगूठी पहन रखी थी। सोनम को ये स्टाइल नम्रता सोनी ने दी थी। ‘नीरजा’ की अभिनेत्री काफी ग्लैमरस नजर आ रही थीं। सोनम ने इस वर्ष फ्रेंच रिवेरा में भी अपनी फैशन संबंधी पसंद से आलोचकों और प्रशंसकों को खासा प्रभावित किया था। कान में सोनम की यह सातवीं उपस्थिति थी।

सोनम की तरह ही हॉलीवुड अभिनेत्री ईवा लांगोरिया भी रेड कार्पेट पर सुनहरे रंग का परिधान पहन कर उतरी थी।

हाल ही में लोरियाल पेरिस के महाप्रबंधक रागजीत गर्ग ने एक बयान में बताया था कि हमें ऐलान करते हुए खुशी हो रही है कि इस साल कान फिल्म महोत्सव में ऐश्वर्या राय बच्चन, दीपिका पादुकोण और सोनम कपूर लॉरियाल पेरिस और भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।