भारतीय जवानों

चीन ने एक बार फिर अपनी दादागिरी दिखाते हुए भारत की ओर कड़ा रुख अपनाया है। चीन ने कैलाश मानसरोवर यात्रा को बंद कर दिया है। चीन की ओर से नाथुला दर्रे रास्ते को बंद कर दिया गया है। हालांकि अभी इस पर भारत के विदेश मंत्रालय का कोई बयान नहीं आया है। इससे पहले खबर थी कि इस मुद्दे पर अभी दोनों देशों में बात चल रही है। चीन ने साफ तौर पर कहा है कि जब तक भारत सिक्किम बॉर्डर से अपनी सेना नहीं हटाएगा तब तक वह इस मार्ग को नहीं खोलेगा। आपको बता दें कि अभी भी लगभग 6 गुटों को यात्रा करनी है।

चीन ने सिक्किम क्षेत्र में भारतीय जवानों पर सीमा पार करने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उनसे तुरंत वापस लौटने की मांग की है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गेंग शुआंग ने कहा, ‘चीन, भारत से अनुरोध करता है कि वह सीमा पार करने वाले जवानों को तुरंत वापस बुलाए। इसके साथ ही इस मामले की विस्तृत जांच कराए।’

आपको बता दें कि सोमवार को ही एक वीडियो सामने आया था जिसमें सिक्किम सेक्टर में भारत-चीन सीमा पर तैनात जवानों और चीनी सैनिकों के बीच झड़प हुई है। चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने भारत के सिक्किम सेक्टर में घुसकर दो बंकर भी तबाह कर दिए हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार दोनों देशों के सैनिकों के बीच यह रस्साकशी सिक्किम के डोका ला जनरल एरिया में पिछले दो दस दिनों से चल रही है।

आपको बता दें कि इनका ये बयान चीन के रक्षा मंत्रालय के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उसने भारतीय जवानों पर सड़क निर्माण के काम पर आपत्ति जताने का आरोप लगाया था। चीन ने दावा किया है कि सड़क निर्माण वह अपने क्षेत्र में कर रहा है। उन्होंने कहा कि चीन, भारत से आग्रह करता है कि वह चीन-भारत सीमा पर शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए सीमा संधियों और चीन की क्षेत्रीय संप्रभुता का सम्मान करें और इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दोनों देशों के विदेश मंत्रालय इस मुद्दे को लेकर बातचीत कर रहे हैं।