मोदी

दस विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भी मोदी लहर जारी है। आठ राज्यों की दस विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की काउंटिंग अभी चल रही है। बीजेपी ने 4 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है। जबकि दो सीटों पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। वहीं कांग्रेस ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है।

दिल्ली के राजौरी गार्डन, मध्यप्रदेश के बांधवगढ़,हिमाचल प्रदेश के भोरंज और असम के भीमाजी में भाजपा ने जीत दर्ज की है। दूसरी तरफ कर्नाटक के नंजनगुड, गुंडलुपेट में कांग्रेस जीत चुकी है।

अटेर, मध्यप्रदेश और धौलपुर, राजस्थान से भाजपा आगे चल रही है। कांथी दक्षिण, पं. बंगाल से टीएमसी आगे चल रही है। लिट्टीपाड़ा, झारखंड से जेएमएम आगे चल रही है।

हिमाचल प्रदेश की भोरंज सीट पर बीजेपी प्रत्याशी अनिल धीमान ने कांग्रेस की उम्मीदवार प्रोमिला देवी को 8,290 मतों से हराया। धीमान को कुल 24,453 वोट मिले।

असम की धीमाजी विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार रनोज पेगु ने कांग्रेस के बाबुल सोनोवाल को 9,285 मतों से हराया। रनोज पेगु को 75,217 वोट मिले। इस सीट से बीजेपी विधायक प्रदान बरुआ लखीमपुर लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे जिसके बाद ये सीट खाली हो गई थी।

दिल्ली की राजौरी गार्डन सीट से बीजेपी-अकाली गठबंधन के उम्मीदवार मनजिंदर सिंह सिरसा ने जीत दर्ज की है। मनजिंदर सिंह सिरसा ने 14652 मतों से कांग्रेस उम्मीदवार को हराया। वहीं आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार की जमानत जब्त हो गई।