dehradoon

देहरादून: देहरादून के जल संस्थान में क्लोरीन गैस लीक होने की वजह से 4 बच्चों समेत लगभग 2 दर्जन लोग बीमार हो गए हैं। सभी बीमारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आपको बता दें कि ये घटना गुरुवार रात 11 बजे की है, जब जल स्थान वाटर वर्क्स में रखे सिलेंडर में विस्फोट के बाद गैस का रिसाव होने लगा। गैस लीक होते ही आस-पास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना स्थल पर फायर ब्रिगेड कर्मियों और जल संस्थान के कर्मचारियों ने मिलकर आग पर काबू पाया।

जल संस्थान से सटे मकान में रहने वाले हरवेंद्र सिंह ने बताया कि वह बच्चों के साथ सोने की तैयारी कर रहे थे। अचानक तेज धमाका हुआ। बच्चे डर गए। आसपास के घरों से भी लोग डरकर बाहर दौड़ पड़े। बाहर आए तो सबका दम घुटने लगा। कुछ बच्चों को उल्टी आने लगी। बाद में जैसे ही उन्हें क्लोरीन गैस का सिलेंडर फटने की जानकारी मिली तो कुछ राहत तो मिली लेकिन सांस लेने में दिक्कत होने लगी। जिन लोगों पर गैस का कम प्रभाव हुआ था वह तो ठीक हो गए लेकिन कई को अस्पताल ले जाना पड़ा।