varun gandhi digvijay singh

नई दिल्ली : सुल्तानपुर से भाजपा सांसद वरुण गांधी के रोहिंग्या मुसलमानों के हक़ में बयान देने से कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने उनकी जमकर तारीफ़ की है।

दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करके बताया कि वरुण की सोच भाजपा सरकार से बिलकुल अलग है जिससे साफ़ होता है कि वरुण गांधी बीजेपी में फिट नहीं हो सकते हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि वरुण नेहरु-गांधी परिवार के वंशज हैं और वैसी ही विचारधारा रखते हैं।

आपको बता दें कि बीते मंगलवार को वरुण गांधी ने अमर उजाला के एक लेख में रोहिंग्या मुसलमानों का जिक्र करते हुए बताया था कि भारत की सरकार को अतिथि देवो भवः की परम्परा अपनाते हुए इन्हे भारत में शरण देनी चाहिये। वरुण गांधी ने अपने लेख में ये भी बताया था कि अब तक कुल 4 करोड़ से भी अधिक प्रवासी भारत आ चुके हैं और जाने कितने आने बाकी हैं। इसलिए भारत की सरकार को इन रोहिंग्या मुसलमानों को भी शरण देनी चाहिये। जिसके बाद कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह ने वरुण के कसीदे पढ़ते हुए गांधी खानदान का बखान किया।

दूसरी तरफ वरुण के इस नज़रिये को सियासी रंग देते हुए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री हंसराज अहीर ने आलोचना की है। हंसराज अहीर ने कहा कि ”जो देश के हित में सोचेगा वो इस तरह का बयान नहीं देगा”