Doodle

नई दिल्ली : आज भारत 71वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर समूचा भारतवर्ष जश्न-ए-आज़ादी मना रहा है। इस मौके पर गूगल ने भी नया डूडल बनाकर भारत को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।

गूगल ने डूडल में नारंगी रंग से संसद भवन बनाया है। संसद भवन के ठीक नीचे दोनों तरफ मोर बने हुए हैं। बीच में आधा अशोक चक्र जैसा चित्र बना हुआ है।
कुल मिलाकर यह डूडल देखने में बेहद ही आकर्षक लग रहा है।

आपको बता दें कि नई दिल्ली के लाल किले पर सुबह 7.30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरंगा फहराया और चौथी बार लाल किले की प्राचीर से देश को सम्बोधित किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में प्राकृतिक आपदाओं से लेकर कश्मीर मुद्दे तक की चर्चा की। देश के युवाओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए सभी युवाओं को आगे आना होगा। मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों की भी चर्चा की। उन्होंने GST को भी सफल घोषित करते हुए कहा कि बाहर के देशों में लोगों को आश्चर्य है कि भारत में जीएसटी सफल कैसे हो गया। कश्मीर मुद्दे की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कश्मीर समस्या का हल ना गाली से निकलेगा और ना ही गोली से निकलेगा। इसका हल हर कश्मीरी को गले लगाने से निकलेगा।
गोरखपुर घटना पर पहली बार चुप्पी तोड़ते हुए मोदी बोले कि ये काफी संवेदनशील मामला है। हमें संवेदनशील होकर स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करने की जरूरत है।