Gangrape

गोला क्षेत्र की एक महिला ने पति पर अपनी बेटी से दुष्कर्म करने और बाद में उसकी हत्या कर शव को नदी में बहा देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रविवार को पति के खिलाफ दुष्कर्म, हत्या और साक्ष्य मिटाने के आरोप में नामजद मुकदमा दर्ज करा लिया है। आरोपी घर से फरार है।

खबरों के मुताबिक महिला ने 10 जुलाई को इस संबंध में पति सोमनाथ के खिलाफ तहरीर दी थी। तहरीर में कहा गया है कि पति ने दो जुलाई को उसे जबरिया मायके भेज दिया। 14 वर्षीय बेटी को वह अपने साथ ले जाना चाह रही थी, मगर पति ने उसे जाने नहीं दिया।

आरोप है कि छह जुलाई की रात पति ने बेटी को हवस का शिकार बनाया। मां व परिवार के लोगों से इस बारे में बताने की धमकी देने पर पति ने घोंटकर बेटी की हत्या कर दी और शव को गांव के पास सरयू नदी में बहा दिया।

जुलाई को महिला ने थाने के दीवान को पति के खिलाफ तहरीर दी थी। दो दिन तक कोई कार्रवाई न होने पर तत्कालीन कोतवाल अंजनी श्रीवास्तव से मिलकर उसने दूसरी तहरीर दी। कोतवाल ने तहरीर तो ले ली मगर कार्रवाई नहीं की। पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए महिला थाने का चक्कर लगाती रही।

समाचार पत्रों में इस संबंध में खबर छपने के बाद उच्चाधिकारियों ने कोतवाल को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया, मगर उन्होंने उनकी बात भी अनसुनी कर दी। अंजनी श्रीवास्तव को हटाए जाने के बाद महिला ने उनकी जगह कार्यभार ग्रहण करने वाले इंस्पेक्टर प्रदीप शुक्ल से मिलकर घटना के बारे में बताया। उच्चाधिकारियों से बातचीत करने के बाद उन्होंने सोमनाथ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

बेटी पर पहले से रखता था बुरी नीयत-
महिला ने पति पर काफी दिनों पहले से बेटी के प्रति बुरी नीयत रखने का आरोप लगाया है। उसके अनुसार सोमनाथ मौका देखकर अक्सर बेटी के साथ गलत हरकत करता रहता था। इससे परेशान होकर बेटी ने खुद ही इस बारे में उसको बताया था। इसीलिए दो जुलाई को पति के जबरिया मायके भेजने पर वह बड़ी बेटी को भी साथ ले जाना चाह रही थी, मगर सोमनाथ ने उसे साथ नहीं ले जाने दिया।

डर के मारे नहीं बोल पाई छोटी बहन व दादी-
महिला ने बताया कि उसके पति ने जिस रात बेटी के साथ दुराचार करने के बाद उसकी हत्या की थी, उस रात घर में उसकी छोटी बहन और दादी मौजूद थीं। दरिंदगी की हद पार कर जाने वाले सोमनाथ की करतूत रात में ही उन्हें पता चल गई थी, मगर डर के मारे दोनों कमरे में दुबकी रहीं।