Hansraj Ahir, Ceasefire violation, Pakistan Firing , Statement on Pakistan Firing

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर ने आज कहा कि पाकिस्तान विकृत सोच रखता है और उसकी एक गोली का जवाब भारत 10 गोलियों से देगा। अहीर ने कहा, भारत में आतंकवादियों को भेजना, संघर्ष विराम का उल्लंघन करना उनका (पाकिस्तानियों का) स्वभाव बन गया है। उनकी सोच विकृत है। चाहे हमारा गृह मंत्रालय हो, रक्षा मंत्रालय हो या जम्मू-कश्मीर की पुलिस हो, हर कोई समन्वय बनाए हुए है और पाकिस्तान के दुस्साहस का जवाब देता है। गृह मंत्री ने कहा है कि हमें पहले गोलीबारी नहीं करनी चाहिए, लेकिन अगर उस तरफ से एक गोली चलती है तो हमें 10 गोलियों से जवाब देना चाहिए।

सीमावर्ती क्षेत्रों में दहशत का माहौल

इससे पहले पाक ने जम्मू-कश्मीर के 5 जिलों के अंतर्राष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा (एल. ओ.सी.) से सटे क्षेत्रों में चौकियों और गांवों को निशाना बनाकर मोर्टार बरसाए। इस गोलीबारी में 2 जवान शहीद और 2 नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 2 जवानों सहित 25 लोग घायल हो गए हैं। पाक ने मोर्टार दाग कर जम्मू, सांबा, कठुआ, राजौरी और पुंछ जिले में भारी गोलीबारी कर लोगों को पलायन करने पर मजबूर कर दिया है। जिस तरह से सीमा पर गोलीबारी हो रही है, उससे सीमावर्ती क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बीएस.एफ. अधिकारी ने कहा कि पाक रेंजर्स ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा से लगे कई क्षेत्रों में सुबह 6.40 बजे से भारी गोलीबारी की, जिसका भारतीय सेना ने भी कड़ा जवाब दिया है। अधिकारी ने बताया कि पाक ने कुल 45 सीमा चौकियों को निशाना बनाया।