ट्विटर

पुणे टीम के मालिक संजीव गोयनका के भाई हर्ष गोयनका ने महेंद्र सिंह धोनी की जमकर तारीफ की। आईपीएल के प्लेऑफ के पहले क्वालीफायर में पुणे ने मुंबई इंडियंस को हराकर फाइनल में जगह बनाई। इस मैच में मुंबई के खिलाफ धोनी ने 26 गेंदों में ताबड़तोड़ 40 रनों की पारी खेली थी, जिसकी मदद से टीम 162 रन बनाने में कामयाब हुआ था। पुणे की टीम ने इस मुकाबले को 20 रनों से अपने नाम किया था। इस मैच जिताऊ पारी के बाद धोनी की आलोचना करने वाले हर्ष गोयनका धोनी के मुरीद हो गए।

सोशल मीडिया पर लगातार धोनी की आलोचना करने वाले हर्ष गोयनका ने इस जीत के बाद ट्वीट कर कहा था, “धोनी के द्वारा खेली गई ताबड़तोड़ बल्लेबाजी, वॉशिंगटन की सुन्दर गेंदबाजी और स्मिथ की बेहतरीन कप्तानी के कारण पुणे आईपीएल के फ़ाइनल में है।”

आपको बता दें कि हर्ष गोयनका ने ट्विटर पर निशाना साधते हुए धोनी की कप्तानी पर सावल भी उठाए थे। आईपीएल-10 के शुरुआत में ही आईपीएल में 9 सालों से कप्तानी कर रहे धोनी को पुणे की टीम की कप्तानी से हटा दिया गया था। इससे पहले हर्ष गोयनका धोनी को सोशल मीडिया पर कई बार ट्रोल भी कर चुके थे।