15 दिसंबर की रात सूर्य राशि परिवर्तन कर के धनु में आ गया है। अब 14 जनवरी तक ये इसी राशि में रहेगा। ज्योतिष गणना के मुताबिक सूर्य का असर देश की आर्थिक और राजनैतिक स्थिति के साथ सभी राशियों पर रहेगा। सूर्य के धनु राशि में प्रवेश करते ही मौसम में भी बदलाव दिखेगा। देश में कहीं बारिश हो सकती है वहीं कुछ जगहों पर बर्फबारी हो सकती है। साथ ही तेज ठंड रहेगी।

सूर्य के राशि बदलते ही खरमास शुरू हो जाएगा जिस वजह से एक महीने तक मांगलिक कार्य नहीं हो सकेंगे। धनु संक्रांति यानी 16 दिसंबर से 14 जनवरी तक सूर्य पूजा के साथ ही दान करने से हर तरह की परेशानियां दूर होती हैं। भगवान सूर्य को अर्घ्य देने से बुद्धि, ज्ञान और सफलता मिलती है।

देश दुनिया पर सूर्य का असर
डॉ. मिश्र का कहना है कि सूर्य का अपने मित्र बृहस्पति की राशि में सूर्य के आने से शैक्षणिक और धार्मिक गतिविधियां तेज हो सकती हैं। इस राशि में बुधादित्य योग बनने से सरकार धीरे-धीरे आन्तरिक विवादों को खत्म करने में कामयाब रहेगी। राष्ट्रविरोधी गतिविधियां खत्म होंगी। बीमारियां भी कम होने लगेंगी। कुछ हिस्सों में बारिश और कुछ जगह बर्फबारी होने की भी आशंका है।

छोटे यानी निचले स्तर के काम करने वाले लोगों के लिए समय अच्छा रहेगा। वस्तुओं की लागत बढ़ सकती है। खाने की चीजों का उत्पादन बढ़ेगा। देश के लोगों को डर और चिंता से राहत मिलेगी। राजनीतिक उठापटक होगी। प्रशासन बड़े फैसले लेगा। बड़े अधिकारियों के पदों में बदलाव और स्थान परिवर्तन के योग बनेंगे। सरकार की नीतियों से जनता में संतुष्टि रहेगी। साथ ही सेहत संबंधी परेशानी भी खत्म होगी। लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत‌ का प्रभाव बढ़ेगा। देशों के बीच संबंध मजबूत होंगे। अनाज अच्छा होगा।

कर्क, तुला, कुंभ और मीन राशि के लिए शुभ
कर्क, तुला, कुंभ और मीन राशि वाले लोगों के लिए समय अच्छा रहेगा। इन लोगों को जॉब और बिजनेस में तरक्की मिल सकती है। प्रॉपर्टी और आर्थिक मामलों में फायदा मिल सकता है। सेहत के लिए समय अच्छा रहेगा। किस्मत का साथ मिल सकता है। पारिवारिक मामलों के लिए भी समय शुभ कहा जा सकता है। इन 4 राशि वालों पर मौजूदा अशुभ ग्रह स्थिति का प्रभाव नहीं पड़ेगा।

कुंभ सहित 5 राशियों के लिए मिला-जुला समय
मेष, मिथुन, सिंह, वृश्चिक और धनु राशि वाले लोगों के लिए मिला-जुला समय रहेगा। इन 5 राशि वाले लोगों को धन लाभ तो होगा, लेकिन खर्चा भी हो जाएगा। कुछ मामलों में सितारों का साथ मिलेगा वहीं कामकाज में रुकावटें, तनाव और विवाद होने की भी आशंका है। सेहत संबंधी परेशानी भी हो सकती है।

वृष, कन्या और मकर राशि वालों को रहना होगा संभलकर
सूर्य के धनु राशि में आ जाने से मकर, कन्या और वृष राशि वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इन 3 राशि वाले लोगों को संभलकर रहना होगा। कामकाज में रुकावटें आ सकती हैं। विवाद होने की आशंका है। धन हानि और सेहत संबंधी परेशानियां भी हो सकती हैं। नए काम की शुरुआत करने से बचना होगा। कर्जा न लें। कामकाज में लापरवाही और जल्दबाजी करने से भी बचना चाहिए।