Lady Killer

दिल्ली से सटे नोएडा के सलारपुर में महिला की हत्या का मामला सामने आया है। इस महिला का नाम कंचन बताया जा रहा है। कंचन की हत्या उसके एक्स ब्वॉयफ्रेंड रंजीत और उसके एक दोस्त ने की है जिसको पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी 16 अगस्त को कंचन के घर में महिलाओं के कपड़े पहनकर पहुंचा। उसे साथ चलने का दबाव बनाया था। मना करने पर उसने गुस्से में उसे गोली चला दी। इस वारदात को अंजाम देकर रंजीत मोटर साइकिल पर सवार होकर फरार हो गया।

वारदात में इस्तेमाल की गई मोटर साइकिल, तमंचा और 4 जिंदा कारतूस पुलिस ने बरामद कर लिया। कंचन के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाले कुणाल ने नोएडा सेक्टर-39 थाने में उसकी हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने रंजीत और उसके दोस्त आशीष को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी रंजीत ने बताया कि वह कंचन से प्यार करता था। उसने कई बार कंचन को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। आखिर उसने युवती का वेश बनाया और अपने दोस्त आशीष के साथ कंचन के घर पहुंचा। रंजीत ने कंचन को गोली मार दी। इसके बाद बाइक पर सवार होकर भाग निकला। पुलिस को जांच के दौरान कंचन के इस प्रेमी के बारे में पता चला।