Lalu Yadav

नई दिल्ली : बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अमित शाह झारखण्ड के तीन दिवसीय दौरे पर आज रांची पहुंचे हैं। रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर शाह का जोरदार स्वागत किया गया है। हवाई अड्डे पर केन्द्रीय मंत्री जयंत सिन्हा और राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने परंपरागत तरीके से शाह का स्वागत किया था। मौके पर बीजेपी के हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे। कई जनजातीय नृत्य मंडलियों ने भी स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। इसके अलावा भाजपा कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट से लेकर हिनू चौक तक मानव श्रृंखला बनाकर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का अभिनंदन किया।

बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण-
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपने झारखण्ड दौरे का आगाज किया। बिरसा चौक पर उन्होंने ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम की शुरुआत की। मौके पर स्वच्छता और सफाई के लिए बीजेपी कार्यकर्ताओं और आम लोगों को शपथ दिलवाई गई। जिसके बाद उन्होंने प्रदेश भाजपा कार्यालय में राष्ट्रीय पदाधिकारियों, कोर ग्रुप, सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी व अन्य के साथ बैठक भी की। अपने संबोधन में उन्होंने पीएम मोदी को आजादी के इतने वर्षों बाद स्वच्छता के सवाल को फलीभूत करने की बात कही।

झारखंड सरकार के 1000 दिन पूरे होने पर हो रहा कार्यक्रम-
गौरतलब है कि झारखंड सरकार का सूबे में सत्ता के 1000 दिन पूरे होने पर कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इन कार्यक्रमों के अंतर्गत प्रदेश की जनता को 1000 दिनों के भीतर हुए विकास कार्यों का लेखा-जोखा दिया जा रहा है। इसके अलावा यह भी कहा जा रहा है कि अमित शाह का यह झारखंड दौरा राष्ट्रीय प्रवास का हिस्सा है। वे साल 2019 के आम चुनाव को देखते हुए अभी से संगठन को और भी ज्यादा गतिशील बनाने में जुट गए हैं। आम चुनाव में बीजेपी ने 14 लोकसभा और 60 विधानसभा सीट जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वे कल रांची में गरीब कल्याण मेले का उद्घाटन करेंगे।

लालू यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना-
राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के झारखंड दौरे को सरकारी धन का दुरुपयोग और फिजूलखर्ची बता दिया है। दरअसल, अमित शाह के इस तीन दिवसीय दौरे के वक्त झारखंड सरकार की 1000 दिनों की उपलब्धियों वाले पोस्टरों से हर चौक चौराहा घिरा हुआ है। पूरे शहर में अमित शाह, रघुवर दास और नरेंद्र मोदी के आदमकद कट आउट लगाए गए हैं।

लालू प्रसाद यादव चारा घोटाले में पेशी के सिलसिले में रांची आए हुए हैं। लालू प्रसाद यादव ने कहा कि, ‘एक तरफ जहां राज्य में लोग मर रहे हैं। वहीं बीजेपी मौज मना रही है। भाजपा सरकार की कोई उपलब्धि नहीं है।’ उन्होंने बीजेपी पर जनता को बरगलाने का भी आरोप लगाया।उन्होंने अंत में कहा कि प्रदेश में किसान मर रहा है और जनता दारू पीकर मर रही है।

कांग्रेस ने भी बोला हमला-
प्रदेश में विपक्षी पार्टी के तौर पर सक्रिय कांग्रेस ने सरकार को हर फ्रंट पर नाकाम बताते हुए गांधी की प्रतिमा के सामने धरना प्रदर्शन किया। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय ने कहा कि, ‘लोग मर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ सरकार 1000 दिन की उपलब्धि का जश्न मना रही है। यह 1000 दिन की कुकर्मी सरकार है। हर स्तर पर लूट हुई है। आम आदमी को कोई सुविधा नहीं प्राप्त हुई है।’

प्रदेश में सक्रिय विपक्षी दलों ने इस बीच आरोप लगाते हुए कहा है कि, ‘अमित शाह के रुकने के लिए बीते कई दिनों से स्टेट गेस्ट हाउस को सजाया-संवारा जा रहा है। दिन-रात चलने वाले काम की वजह से गेस्ट हाउस किसी फाइव स्टार होटल की तरह दिखने लगा था।‘ ऐसा कहा जा रहा है कि गेस्ट हाउस को नया लुक देने में ढाई करोड़ रुपये लगे हुए हैं। राज्य की विपक्षी पार्टियों ने इसे सरकारी पैसे का दुरुपयोग बताया है। ऐसे में विरोध को देखते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में रुकने का फैसला लिया है।