Mahendra Singh Dhoni

भारत और श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज कल से शुरू हो रही है। श्रीलंका को टेस्ट सीरीज में 3-0 से रौंदने के बाद अब उसे वनडे में 5-0 से रौंदने के लिए भारतीय टीम तैयार है।

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में एक नायाब रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। बता दें कि इससे पहले धोनी वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में नजर आए थे।

विकेटकीपिंग में महेंद्र सिंह धोनी अपना 100वां शिकार कर सकते हैं। वनडे में धोनी ने अभी तक 97 स्टंपिंग कीं हैं और अब वे अपने इस शतक से महज 3 कदम दूर हैं। फ़िलहाल महेंद्र सिंह धोनी सबसे ज्यादा स्टंपिंग के मामले में श्रीलंका के कुमार संगाकारा (97) के बराबर पर हैं। अगर धोनी इस सीरीज के दौरान 100 स्टंपिंग करलेंगे तो वह ऐसा करने वाले दुनिया के एकलौते विकेटकीपर बन सकते हैं।

300वां वनडे मैच
धोनी इस सीरीज में 4 मैच खेलते ही अपने 300 वनडे मैच पूरे कर लेंगे।धोनी 300वां मैच खेलते ही सचिन तेंदुलकर (463), राहुल द्रविड़ (340) मोहम्मद अजहरूद्दीन (334), सौरव गांगुली (308( और युवराज सिंह (301) के बाद इस उपलब्धि को हासिल करने वाले छठें भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे।

100 अर्धशतक
महेंद्र सिंह धोनी इस समय अपने 100 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पूरे करने से 2 कदम दूर हैं। अगर धोनी इस सीरीज में 2 अर्धशतक लगते हैं तो वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 अर्धशतक लगाने वाले 14वें खिलाड़ी बन जाएंगे। साथ ही धोनी सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली के बाद 100 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पूरे करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।