Flirting

पटना : भरे बाजार में मनचले ने लड़की से छेड़खानी की तो लड़की ने उसे पकड़कर पीट डाला। इस हाई वोल्‍टेज ड्रामा को देख आसपास के लागों ने भी कमान संभाल ली। फिर तो मनचले की शामत आ गई। लोगों ने उसे नंगा कर लात-घूंसों व चप्‍पल से जमकर पीटा। इसके बाद उसे उसी हालत में बांधकर सड़कों पर घुमाया और पुलिस को सौंप दिया। घटना पटना के मसौढ़ी पूर्वी बस स्टैंड के पास हुई है।

जानकारी के मुताबिक एक लड़की कोचिंग करने के लिए बस से मसौढ़ी पहुंची थी। बस स्टैंड के पास उसे अकेली देखकर एक युवक कमेंट करने लगा। लड़की ने जब इसपर ध्‍यान नहीं दिया, तो युवक का मन बढ़ गया। व‍ह छेड़खानी पर उतर आया। इससे लड़की को गुस्‍सा आ गया। उसने न आव देखा न ताव, तड़ातड़ युवक पर सैंडिल की बरसात कर दी।

लड़की द्वारा अचानक इस हमले से युवक हक्‍का-बक्‍का रह गया। जब तक वह संभलता, वहां भीड़ लग चुकी थी। माजरा समझने के बाद स्‍थानीय लोगों ने लड़की को हटाकर उसकी मनचले की पिटाई शुरू कर दी। पिटाई के दौरान उसके कपड़े फट गए। युवक माफी मांगता रहा, मगर लोगों ने उसकी एक न सुनी। पिटाई के बाद उसके हाथ बांधकर पूरे बाजार में घुमाया, फिर उसे पुलिस को सौंप दिया गया। हालांकि, युवक ने खुद को बेकसूर बताया है। उसका कहना है कि वह न तो चेार है, न उसने छेड़खानी की है।