रामपुर के गंज थाने से पुलिसवालों की घिनौनी हरकत सामने आई है। जब एक 37 वर्षीय महिला अपने साथ हुए रेप करने वाले आरोपियों के खिलाफ शिकायत करने पहुंची तब वहां मौजूद इन्वेस्टिगेटिंग ऑफिसर ने उससे मदद के बदले महिला से ही सेक्स की मांग कर डाली।

महिला के साथ दो लोगों ने इस साल की शुरुआत में रेप किया था जिसके खिलाफ यह महिला रामपुर के गंज पुलिस स्टेशन मदद के लिए पहुंची और कहा कि उसके रेपिस्ट खुलेआम घूम रहे हैं और उसकी जिंदगी को खतरा है। महिला ने आरोपियों को गिरफ्तार करने को कहा लेकिन ऑफिसर ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने से पहले महिला को अपने साथ सेक्स करने को कहा।

जब महिला ने इस मांग को मानने से इनकार कर दिया। सब-इंस्पेक्टर, जय प्रकाश सिंह ने मामले में क्लोजर रिपोर्ट फाइल कर दी। महिला ने एक बार फिर ऑफिसर से मदद की गुहार लगाई, इस बार ऑफिसर से हुई बातचीत रिकॉर्ड कर ली।

पुलिस के मुताबिक, 12 फरवरी की रात महिला का दो लोगों ने गैंगरेप किया, जिनमें से एक उसका परिचित था। महिला अपने एक रिश्तेदार के यहां से वापस रामपुर लौट रही थी तभी दोनों ने उसे लिफ्ट दी, उसे घर छोड़ा और घर में उसे अकेला देख बंदूक की नोक पर महिला के साथ रेप किया।

पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया था। 21 फरवरी को 55 वर्षीय अमीर अहमद और 45 वर्षीय सत्तार अहमद के खिलाफ IPC की धारा 376 डी (गैंगरेप), 323 और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया। महिला ने मजिस्ट्रेट के सामने अपना बयान दर्ज किया।