भारत को आज नया राष्ट्रपति मिल जाएगा। जिसके लिए 17 तारीख को वोट डाले गए थे और आज 20 जुलाई को शाम को 5 बजे तक देश को 14वां राष्ट्रपति भी मिल जायेगा। वोटों की गिनती संसद के रुम नंबर 62 में शुरू हो चुकी है और इसका पहला रुझान आ चुका है पहले रुझान में एनडीए के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद आगे चल रहे हैं।

रामनाथ कोविंद को चार राज्यों में कुल अभी तक 60663 वोट मिले हैं, वहीं मीरा कुमार को 22941 वोट मिले हैं।

आंध्र प्रदेश में कोविंद को 27,189 वोट मिले हैं, मीरा को एक भी वोट नहीं मिला। अरुणाचल प्रदेश से कोविंद को 448 वोट मिले हैं, वहीं मीरा कुमार को मात्र 24 वोट मिले।

असम से कोविंद के को 10,556 वोट गए और मीरा कुमार के खाते में 460 वोट। कोविंद को बिहार से 22490 वोट मिले और मीरा कुमार को 18867 ही वोट मिले।

राष्ट्रपति चुनाव अपडेट्स

राष्ट्रपति चुनाव के लिए कुल 32 जगहों पर मतदान हुआ था। इनमें 29 राज्य, दिल्ली और पुडुचेरी समेत दो केंद्र शासित प्रदेश और संसद भवन शामिल हैं। सबसे पहले संसद के बैलेट बॉक्स की गिनती हो रही है। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश, असम और आंध्र प्रदेश की गिनती चल रही है। सभी राज्यों से वोट के बैलेट बॉक्स संसद पहले ही पहुंच चुके हैं और संसद में कड़ी सुरक्षा में उसे रखा गया है। संसद में चार टेबलों पर वोटों की गिनती चल रही है।

आपको बता दें कि राष्ट्रपति के चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सांसद और विधान सभा के सदस्य मतदान करते हैं। एमएलसी यानी विधान परिषद के सदस्य राष्ट्रपति के चुनाव में मतदान नहीं करते। आज जब वोटों की गिनती शुरू होगी तो सबसे पहले संसद भवन में डाले गए वोटों का बक्सा खुलेगा। उसके बाद राज्यों के वोटों की गिनती होगी। राज्यों का बक्सा अल्फाबेटिकल ऑर्डर पर खोला जाएगा। वोटों के गिनती चार अलग अलग टेबल पर होगी और गिनती के कुल 8 राउंड होंगे।