Rahul Gandhi

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी मोदी सरकार की 3 साल की कमियों को जनता के सामने रख रहे हैं और भारतीय जनता पार्टी और मोदी कैबिनेट के मंत्री सरकार के तीन सालों के काम गिना रहे हैं।

कांग्रेस उपाध्यक्ष कानून व्यवस्था के नाम पर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं। आज सोमवार को राहुल गांधी ने बीजेपी शासित राज्यों में कानून व्यवस्था पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब मांगा है।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा, “राजस्थान से लेकर यूपी, हरियाणा और अब झारखंड जैसे बीजेपी शासित राज्यों में अराजकता की स्थिति पैदा हो गई है। क्या पीएम मोदी जवाब देंगे?”

राहुल गांधी ने अपने ट्वीट के साथ झारखंड की वो खबर भी शेयर की है जिसके मुताबिक एक युवक अपनी जान बचाने के लिए भीड़ से गुहार लगा रहा है।

बता दें कि यूपी में नई सरकार बनने के बाद सहारनपुर इलाके में तमाम हिंसक घटनाएं सामने आ चुकी हैं और हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। हाल ही में झारखंड भी हिंसा की आग में झुलस रहा है। अपहरण के आरोप में कुछ लोगों की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। जिसके बाद वहीं की कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर मोदी सरकार के तीन सालों पर टिप्पणी की है। राहुल ने ट्वीट में लिखा, ‘नौजवान नौकरी ढूंढने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, किसान आत्महत्या कर रहे हैं और बॉर्डर पर जवान मर रहे हैं। सरकार किस बात का जश्न मना रही है?’

राहुल ने आगे एक और ट्वीट में लिखा, ‘गैर प्रदर्शन और एक जनादेश के साथ विश्वासघात नाकामी और जनता से धोखे के तीन साल।’ साथ ही उन्होंने गौरक्षा के नाम पर गुंडागर्दी और कश्मीर में अशांति पर भी मोदी सरकार की नाकामयाबी का जिक्र किया।