रोहतक, दो साध्वियों से दुष्कर्म मामले में 20 वर्ष की सजा काट रहे डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने अपना स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी दी। जिसके बाद डॉक्टरों की एक टीम रोहतक के सुनारिया जिला जेल पहुंची। जहां उसके स्वास्थ्य की जांच की गई।

गुरमीत राम रहीम के खराब स्वास्थ्य की शिकायत के बाद स्वास्थ्य जांच के लिए उसको पांच डॉक्टरों का समूह रोहतक के सुनारिया जिला जेल पहुंचा। जहां उसके स्वास्थ्य की जांच की गई। यह अभी तक पता नहीं चल पाया है कि राम रहीम किस प्रकार की स्वास्थ्य समस्या का सामना कर रहा है।

सुरक्षा कारणों से रोहतक शहर में एहतियातन खासकर पीजीआईएमएस मेडिकल कॉलेज के पास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि डॉक्टरों ने शनिवार को उसकी जांच की और उसे स्वस्थ पाया। डॉक्टरों ने जेल प्रशासन को बताया कि अभी तत्काल उसे अस्पताल ले जाने की कोई जरूरत नहीं है।

इससे पहले भी राम रहीम ने 28 अगस्त को सजा सुनाए जाने के बाद खराब स्वास्थ्य की शिकायत की थी। लेकिन डॉक्टरों ने जांच करने के बाद उसे स्वस्थ्य पाया था।