सितारगंज, 9 सितम्बर 2021

पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कांग्रेस और पूर्व सीएम हरीश रावत पर सियासी हमला बोला है। बहुगुणा का कहना है कि दो विधानसभा क्षेत्रों और फिर लोकसभा में चुनाव हार चुके हरीश रावत को जनता नकार चुकी है। उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने जो परिवर्तन यात्रा निकाली, उसे भी जनता ने नकार दिया। बहुगुणा का कहना है कि कोरोना संकट के चलते तमाम परेशानियों के बावजूद राज्य और केंद्र सरकार ने मिलकर उत्तराखंड में कई जनोपयोगी, विकास योजनाएं संचालित की हैं। आने वाले समय में जनता को इसका लाभ मिलेगा।

गुरुवार को सितारगंज पहुंचे पूर्व सीएम बहुगुणा ने स्थानीय कार्यकर्ताओं, पार्टी पदाधिकारियों और जनता से मुलाकात की। सितारगंज से बहुगुणा उत्तराखंड के सीएम रहते हुये विधायक रहे थे, वर्तमान में यह उनके पुत्र सौरभ बहुगुणा का विधानसभा क्षेत्र है। पत्रकार वार्ता में बहुगुणा ने कहा कि राज्य का विकास केंद्र के सहयोग के बिना नहीं हो सकता।

पिछले पांच साल में केंद्र ने राज्य के लिये कई योजनाएं मंजूर कीं। कोरोना के बावजूद राज्य सरकार ने विकास कार्य जारी रखे। इस दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी की सराहना करते हुये बहुगुणा ने कहा कि वह युवा नेता हैं, विधानसभा चुनाव में उनके नेतृत्व का भाजपा को लाभ मिलेगा। एक सवाल के जवाब में बहुगुणा ने कहा कि पर्यावरण और अन्य तकनीकी रुकावटों के कारण वे जलविद्युत परियोजनाएं धरातल पर नहीं आ सकीं, जिनसे राज्य की आर्थिक स्थिति मजबूत होनी थी। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन पर विशेष ध्यान देकर पलायन रोका जा सकता है। सरकार इस दिशा में काम कर रही है।

रेल लाइन से जरूर जुड़ेगा सितारगंज

पूर्व सीएम बहुगुणा ने कहा कि सितारगंज के औद्योगिक पार्क में और उद्योग आयेंगे। सितारगंज के सिडकुल, नानकमत्ता को रेल लाइन से जोड़ा जायेगा। इसके लिए प्रदेश सरकार को भूमि रेलवे को देनी है। बताया कि प्रदेश सरकार के 600 करोड़ खर्च होंगे। कोरोना के कारण एक योजना में इतनी राशि खर्च करने में दिक्कते हैं, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार इस पर गंभीर हैं।

किसानों से बातचीत कर निकालेंगे समाधान

बहुगुणा ने कहा कि किसानों और केंद्र सरकार के बीच बातचीत से ही समाधान निकलेगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार किसानों के हितैषी है। किसान सम्मान योजना समेत तमाम योजनाएं लागू की गयी हैं, किसानों की आय दोगुनी करने के लिये भी कई योजनाएं शुरू की गयी हैं। उम्मीद जतायी कि चुनाव से पहले किसानों की मांगों पर समाधान होगा।

काऊ मामले को भाजपा नेतृत्व सुलझा लेगा

बहुगुणा ने कहा कि विधायक उमेश शर्मा काऊ के प्रकरण को भाजपा नेतृत्व सुलझा लेगा। सभी का लक्ष्य भाजपा को मजबूत करना है।पीएम मोदी के कार्यों को लेकर भाजपा जनता के बीच जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा हरा पेड़ है। पक्षी हरे पेड़ में बैठते हैं। भाजपा ऐसी संगठनात्मक पार्टी है, जहां हर कार्यकर्ता का सम्मान है।

भाजपा की मजबूती के लिए कार्य करेंगे 

बहुगुणा ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें बहुत सम्मान दिया है। वह कई पदों पर रहे। पूर्व सीएम ने कहा कि सितारगंज के विधायक सौरभ बहुगुणा लगातार जनता के बीच रहकर अच्छा कार्य कर रहे हैं। भाजपा नेतृत्व व संगठन के सहयोग से 10 वर्षों में सितारगंज में विकास के नये आयाम स्थापित हुए हैं। भाजपा ने उन्हें काफी कुछ दिया है अब भाजपा की मजबूती के लिए कार्य करने का समय है।