Rashtriya Suraksha Mahayagya, Jal-Mitti Yatra, Doklam, Rajnath Singh

नई दिल्ली: भाजपा मिशन 2019 के लिए देश में अपने पक्ष में माहौल अभी से तैयार कर रही है। इसके लिए भाजपा लाल किले के पास यज्ञ करने जा रही है लेकिन उससे पहले आज ‘जल-मिट्टी रथ यात्रा’ निकाली जाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस यज्ञ के लिए 108 यज्ञ कुंडों के निर्माण की शुरूआत होगी। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह इंडिया गेट से आज सुबह ‘जल-मिट्टी रथ यात्रा’ को हरी झंडी दिखाएंगे। भाजपा की यह यात्रा देश के कोने-कोने में जाकर मिट्टी और जल इकट्ठा करेगी और इससे ही यज्ञ कुंड तैयार होगा।

इस यज्ञ कुंड के लिए जम्मू-कश्मीर के बॉर्डर और डोकलाम की मिट्टी और जल को भी लाया जाएगा। देश के प्रत्येक कोने से मिट्टी-जल इकट्ठा करने के बाद दिल्ली के लाल किले में भाजपा राष्ट्रीय रक्षा महायज्ञ का आयोजन करेगी। राष्ट्रीय रक्षा महायज्ञ देश की रक्षा के लिए सीमा पर तैनात जवानों के त्याग और संर्घष को समर्पित है। 18 मार्च से 25 तक चलने वाले इस महायज्ञ में भगवती बगलामुखी का आह्वान किया जाएगा। बता दें कि मां बगलामुखी राज शक्ति प्रदान करने वाली और शत्रु विनाशिनी है।

1111 ब्राह्मण 2.25 करोड़ मंत्रों का करेंगे उच्चारण
इस 108 महायज्ञ कुंड में 1111 ब्राह्मण 2.25 करोड़ मंत्रों का उच्चारण करेंगे। सूत्रों के मुताबिक काफी वर्षों बाद इस तरह बड़े स्तर पर मां बगलामुखी के यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।

पीएम और राष्ट्रपति भी आमंत्रित
इस यज्ञ में देशभर के साधु-संत हिस्सा लेंगे। साथ ही आम जनता से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और नेताओं तक को आमंत्रित किया गया है।