murder in st stephens hospital

दिल्ली के सेंट स्टीफन हॉस्पिटल के अंदर एक डॉक्टर की गला काटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। रेस्ट रूम में डॉक्टर की लाश प्राप्त हुई है। हॉस्पिटल के ही एक अन्य डॉक्टर पर हत्या का शक जताया जा रहा है। पुलिस इस केस की जांच कर रही है।

शुक्रवार सुबह रेस्ट रूम में डॉक्टर शाश्वत पांडे (26) की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। शाश्वत रेडियोलॉजी डिपार्टमेंट में बतौर इंटर्न तैनात थे। मूल रूप से इलाहाबाद के रहने वाले शाश्वत नाइट शिफ्ट में थे। डीसीपी जतिन नरवाल ने बताया कि रेस्ट रूम में ही सर्जिकल ब्लेड से शाश्वत का गला काटा गया है।

डीसीपी ने कहा, मामले की जांच जारी है। पुलिस को कुछ सुराग प्राप्त हुए हैं, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस सूत्रों की मानें तो डॉक्टर शाश्वत और एक अन्य इंटर्न डॉक्टर के बीच विवाद चल रहा था। दबी जुबान में साथी डॉक्टर ने पुलिस को इस बारे में बताया है।

पुलिस को शक है कि डॉक्टर शाश्वत की हत्या में उसी डॉक्टर का हाथ हो सकता है। पुलिस जल्द ही केस के खुलासे का दावा कर रही है। दरअसल इसके पीछे वजह यह है कि जिस रेस्ट रूम में डॉक्टर की लाश मिली है, वह ड्यूटी रूम से जुड़ा हुआ है।रूम में जाने के लिए डॉक्टर्स को एंट्री कार्ड पंच करना होता है।पुलिस अब रूम में जाने वाले लोगों की डिटेल खंगाल रही है।