Sikkim Landslide

सिक्किम के दक्षिण जिले में बुधवार को भारी बारिश की वजह से कई स्थानों पर हुए भूस्खलनों में छह लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं। भूस्खलन की वजह से कई जगहों पर सड़कें अवरुद्ध हो गईं। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सुधाकर राव ने कहा कि सभी मौतें नामची पुलिस थाने के तीन इलाकों में घरों के ढहने से हुईं।

अपर गुरपिसे इलाके में तड़के लगभग दो बजे भूस्खलन हुआ। भूस्खलन के चपेट में आने से एक किशोर और एक बच्चे सहित तीन लोगों की मौत हो गई। दूसरी घटना अपर बोकरोंग वार्ड में सुबह लगभग तीन बजे हुई, जिसमें एक घर के गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।

एक अन्य किशोर की खोरलांग में उस समय मौत हो गई, जब भूस्खलन के कारण उसका घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। लोअर काटेंग बोकरोंग में घर गिरने के कारण एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। उसे घर से निकालकर नामथांग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

राव ने कहा कि भूस्खलन की वजह से दक्षिण जिले में कई सड़कों को बुरी तरह से नुकसान पहुंचा है। सड़कों की बहाली का कार्य जारी है। पश्चिम जिले में भी कुछ सड़कें भूस्खलन की वजह से अवरुद्ध हैं।