शादी

नई दिल्ली: शादी टूटने की बहुत सी वजहें सुनी होंगी आपने। लेकिन ये वजह सुनकर आप हैरान रह जाएंगे। दरअसल हुआ यूँ कि यूपी के मुजफ्फरनगर की एक बारात में मीट ना मिलने ने बारातियों ने हंगामा मचाना शुरू कर दिया।

विवाद बढ़ता देख दुल्हन को गुस्सा आ गया और उसने ही शादी करने से इनकार कर दिया।

वहां के पंचायत अधिकारियों के अनुसार मांसाहारी खाना नहीं परोसे जाने से बाराती काफी नाराज हो गए। दुल्हन के परिवार वालों के बहुत मनाये जाने पर भी वे मानने को तैयार नहीं हुए। लड़की के घर वाले बाजार में मांस की कमी होने के कारण मीट की व्यवस्था नहीं कर सके थे।

इस पूरे मामले पर पंचायत ने बैठक बुलाई, जिसमें बारातियों के व्यवहार से नाराज दुल्हन ने ही शादी करने से इनकार कर दिया। इस तरह से ये शादी अधूरी ही रह गई। लेकिन इस शादी की सैड एंडिंग नहीं हुई। बारात तो वापस हुई लेकिन दुल्हन की मांग में सिन्दूर सजा।

दरअसल पंचायत मीटिंग में शादी में आए एक मेहमान ने दुल्हन से शादी करने का प्रस्ताव दिया जिसपर दुल्हन तैयार हो गई। इस रिश्ते के लिए परिवार वाले भी राज़ी हो गए।