Rahul Gandhi

नई दिल्ली, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में ‘विकास के लिए पेड़ों की कटाई को लेकर आज भाजपा और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने सभी लोगों को इसके खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। राहुल ने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सहमति से भाजपा ने पिछले चार वर्षों में ‘विकास’ के लिए हजारों पेड़ काट दिए। बच्चे भी जानते हैं कि हमारे अस्तित्व के लिए पेड़ महत्वपूर्ण हैं और इनकी जगह कोई नहीं ले सकता।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस पागलपन (पेड़ों की कटाई) के खिलाफ कांग्रेस का साथ दीजिए और एकजुट होकर खड़े हो जाइए। गौरतलब है कि राष्ट्रीय भवन निर्माण निगम (एनबीसीसी) की कुछ परियोजनाओं के लिए करीब 16,500 पेड़ काटे जाने की योजना थी, लेकिन दिल्ली उच्च न्यायालय ने इस पर रोक लगा दी थी। उल्लेखनीय है कि पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने एनबीसीसी पर आरोप लगाया है कि अदालत के आदेश का उल्लंघन करते हुये परियोजना स्थल पर अभी भी पेड़ काटे जा रहे हैं। एनबीसीसी ने इससे इंकार किया है।