राजस्थान के जोधपुर में चिंकारा हिरण शिकार मामले में आरोपी बॉलीवुड स्टार सलमान खान के आज जोधपुर आने की संभावना काफी कम है। जानकारी के अनुसार सलमान खान को अवैध हथियार मामले में आज कोर्ट में पेश होना है जहां उन्हें 20 हजार रुपए के जमानत मुचलके पेश करने है। बता दें कि गुरुवार को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया गया था। सलमान खान पर अवैध हथियार रखने के मामले में कोर्ट में केस चल रहा है।

वहीं सलमान खान के हिरण शिकार मामले में भी आज ही सीजेएम कोर्ट में सुनवाई है। यदि सलमान अवैध हथियार मामले में कोर्ट में पेश होते है तो उन्हें इस मामले में भी कोर्ट में पेश होना होगा। क्योंकि शहर में रहते हुए ​हाजिरी माफी का प्रार्थना पत्र पेश नहीं किया जा सकता।

जानकारी के मुताबिक, सलमान खान के वकील आनंद देसाई अपनी टीम के साथ एक दिन पहले ही जोधपुर पहुंचे गए हैं। उन्होंने स्थानीय वकील हस्तीमल सारस्वत से मुलाकत कर इस मामले पर चर्चा की है। आज सलमान खान के कोर्ट में पेश होने की संभावना जताई जा रही थी। सैफ अली खान, सोनाली बेन्द्रे और तब्बू पर भी शिकार का आरोप है।

एडीजे ग्रामीण की कोर्ट मंडोर रोड पर है जो कोर्ट कैम्पस से अलग है। इसलिए सीजीएम कोर्ट व एडीजे कोर्ट में सलमान की उपस्थित के दौरान उनके फैन्स की भीड़ पुलिस के लिए परेशानी बन सकती है।

इस मामले में सलमान खान को 12 अक्टूबर 1998 को गिरफ्तार किया गया था। पांच दिन बाद उनको जमानत पर रिहा कर दिया गया। बताते चलें कि 2 अक्टूबर 1998 को पुलिस ने सलमान खान सहित सभी आरोपियों के खिलाफ भवाद और घोड़ा फॉर्म हाउस क्षेत्र में चिंकारा और कांकाणी में काले हिरण का शिकार करने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।

इसके बाद 17 फरवरी 2006 को जोधपुर की निचली अदालत से एक साल की सजा हुई थी। 10 अप्रैल 2006 को पांच साल की सजा हुई। सलमान खान को 10 से 15 अप्रैल 2006 तक 6 दिन केंद्रीय जेल में रहना पड़ा।