Shivpal Yadav

यूपी के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के बुरी तरह हारने के बाद से शिवपाल यादव पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर दबाव बनाते हुए दिखाई देते हैं। मगर उनका ये दांव अखिलेश पर कुछ ज्यादा असरदार नहीं दिखाई दे रहा है। इसी कारण शिवपाल यादव ने अपने लिए नयी सियासी जमीन तलाशना शुरू कर दिया है। इस बीच शिवपाल यादव को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है।

शिवपाल बन सकते हैं मंत्री-
चुनाव के बाद से शिवपाल यादव लगातार सपा अध्यक्ष अखिलेश को उनका वादा याद दिला रहे हैं। मगर उनके ऐसा करने का कुछ भी ख़ास असर होता हुआ नहीं दिखाई दे रहा है। इसी कारण उन्होंने अब सपा से अलग अपने लिये नयी संभावनाएं तलाशना शुरू कर दिया है। अब उन्होंने अपने भतीजे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को झटका देने की तैयारी कर ली है। सूत्रों से खबर है कि शिवपाल बहुत जल्द नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) में जायेंगे। जनता दल (यूनाइटेड) बीते दिनों ही एनडीए का सदस्य दल बना है। अगर ऐसा हुआ तो शिवपाल यादव नीतीश की पार्टी के यूपी अध्यक्ष बनाये जा सकते हैं। साथ ही खबर है कि शिवपाल यादव को योगी कैबिनेट में भी जगह मिल सकती है।

दरअसल शिवपाल पहले मुलायम के साथ मिलकर अपनी खुद की नयी पार्टी बनाना चाहते थे। मगर मुलायम ने बीते दिनों प्रेस कांफ्रेंस में सीधे नयी पार्टी बनाने की बात को ख़ारिज किया था। साथ ही उन्होंने अखिलेश को अपना पुत्र बताते हुए आशीर्वाद भी दे डाला था। इसके बाद ही शिवपाल की नयी पार्टी बनाने की उम्मीदों को तगड़ा झटका लगा था। अगर शिवपाल यादव जनता दल में शामिल हो जाते हैं तो नीतीश कुमार के लिए काफी अच्छा होगा।
वे यूपी में जनता दल (यूनाइटेड) को एक नयी पहचान दिला सकते हैं। हालाँकि अभी तो सबकी नजर 5 अक्टूबर के सपा के राष्ट्रीय अधिवेशन पर लगी हुई है।