smriti irani

दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में शनिवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने चार लड़कों के खिलाफ शिकायत दी। चारों लड़कों पर आरोप है कि वह अपनी कार से स्मृति ईरानी की सरकारी गाड़ी का पीछा कर रहे थे। चारों आरोपी दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र हैं। घटना के वक्त सभी आरोपी नशे में थे। पुलिस ने चारों लड़कों को हिरासत में लेकर रातभर पूछताछ की।

हालांकि अब चारों आरोपियों को जमानत मिल गई है। चारों पर आईपीसी की धारा 354 डी यानी किसी महिला का पीछा करने और धारा 509 यानी किसी महिला का अपमान करने के तहत मामला दर्ज किया गया था।

घटना शनिवार शाम लगभग 5 बजे की है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी एयरपोर्ट से अपने आवास की ओर जा रही थी। उसी दौरान उन्होंने महसूस किया कि एक कार काफी वक्त से उनका पीछा कर रही है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अपनी गाड़ी का पीछा होते देख साहसिक फैसला लिया और खुद उन लड़कों की कार का पीछा करना शुरू कर दिया।

उन लड़कों को पकड़ने के बाद केंद्रीय मंत्री ने 100 नंबर पर कॉल की और पुलिस को मौके पर बुला लिया। केंद्रीय मंत्री द्वारा शिकायत मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जिसके बाद केंद्रीय मंत्री ने खुद थाने में आकर भी इसकी शिकायत दर्ज करवाई।

आरोपियों से रातभर पूछताछ की गयी। मिली जानकारी के मुताबिक, चारों लड़के दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र हैं। गौरतलब है कि स्मृति ईरानी ने ठीक दो साल पहले चेंजिंग रूम में लगे खुफिया कैमरे को पकड़ा था। स्मृति ने 3 अप्रैल, 2015 को गोवा के फैब इंडिया के शोरूम में खुफिया कैमरा पकड़े जाने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार भी किया था। उस वक्त स्मृति ईरानी केंद्र सरकार में मानव संसाधन मंत्री थीं।