मोरा को लेकर पूर्वी भारत में चक्रवाती तूफान की चेतावनी जारी कर दी गई है। पूर्वी भारत में पिछले कुछ घंटों से लगातार तेज हवाओं का दौर चल रहा है। बंगाल की खाड़ी से उठ रही हवाओं के कारण तेज तूफान और बारिश आने का खतरा बरकरार है। पूर्वी भारत में मोरा के खतरे को देखते हुए अगले 48 घंटों में तेज बारिश का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश मणिपुर मिजोरम त्रिपुरा और नागालैंड जैसे राज्य शामिल है।

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार की सुबह बारिश के साथ शुरू हुई। 1 जून से आने वाले मानसून ने अपना असर पहले से ही दिखाना शुरू कर दिया है। कई जगह मानसून से पहले की बारिश आफत बनकर आई है। ऐसे में काफी जगह गर्मी से राहत भी देखने को मिली है। तापमान में दिल्ली-एनसीआर के अलावा उत्तर भारत में कई जगह हुई बारिश से भारी गिरावट आई है।

समुद्र की ओर जाने वाले मछुआरों को 29-30 मई को भारी बारिश की चेतावनी के कारण वहां पर ना जाने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा जो भी मछुआरे वहां पर मौजूद हैं, उन्हें जल्द ही वापिस लौटने की सलाह दी गई है।

23 लोगों की बिहार के पूर्वी और पश्चिम चंपारण जिले में रविवार को बारिश के दौरान हुए वज्रपात आंधी और तूफान की चपेट में आकर मौत हो गई। आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक पश्चिम चम्पारण में 6 पूर्वी चम्पारण में 5 जमूई में 4 मधेपुरा मुंगेर और भागलपुर में 2-2 मौते वैशाली समस्तीपुर में एक एक मौत की सूचना है। ऐसे अनुमान लगाया जा रहा है की मरने वालों की संख्या इससे कहीं ज्यादा है।

बंगाल की खाड़ी में एक गहरे दबाव का क्षेत्र बन चुका है और यह तेजी से और ज्यादा ताकतवर होता जा रहा है। इस वेदर सिस्टम की वजह से बंगाल की खाड़ी में मानसून की दस्तक तेजी से बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार यह गहरा दबाव अगले 12 से 24 घंटे में एक चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा। बांग्लादेश में चटगांव के पास चक्रवाती तूफान तट को पार करेगा। चक्रवाती तूफान के चटगांव पार करते ही इस तूफान की ताकत कम हो जाएगी और यह एक गहरे दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो जाएगा।

माना जा रहा है कि इस वेदर सिस्टम की वजह से मानसून केरल से पहले पूर्वोत्तर भारत में दस्तक दे देगा। पूर्वोत्तर भारत में मानसून 29 या 30 तारीख तक दस्तक दे सकता है। केरल में मानसून इसके बाद पहुंचेगा। 31 मई को मौसम विभाग के मुताबिक असम और मेघालय में मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है। स्थानीय प्रशासन को इसके चलते सतर्क कर दिया गया है।