Crime

दिल्ली के नेब सराय इलाके में एक युवक खुले में नहाते हुए अश्लील हरकतें करता था। उसका वीडियो सामने रहने वाले एक युवक ने बना लिया। उस वीडियो के वायरल होने के बाद नहाने वाले युवक ने देर रात मौका देखकर वीडियो बनाने वाले युवक का बड़ी ही बेरहमी से कत्ल कर दिया। लोगों ने आरोपी युवक को पकड़कर जमकर पीटा और फिर पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, राजधानी के नेब सराय इलाके में दिल दहला देने वाली एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसमें एक युवक ने अपने पड़ोसी का बड़ी बेरहमी से कत्ल कर दिया है। यहां सूरज नामक एक युवक अपने घर के सामने रहने वाले नीरज (25) से परेशान था। नीरज घर के बाहर खुले में नहाता था और अश्लील हरकतें करते हुए गाली भी देता था।

इस बात से इलाके की महिलाएं बहुत परेशान थीं। सूरज ने नीरज का नहाते हुए का वीडियो बनाया और अपने मोहल्ले में व्हाट्सएप्प पर वायरल कर दिया। नीरज को ये बात नागवार गुजरी। उसने रात को मौका देख कर सूरज पर कैंची से कई बार वार कर डाले। सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। इलाके के लोग शोर सुनकर बाहर आए और आरोपी की जमकर पिटाई कर दी।

उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज कर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को तो गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस घटना की जांच में जुट गई है। पुलिस उस अश्लील वीडियो की भी जांच कर रही है, जिसके चलते ये वारदात हुई है। इस मर्डर से इलाके के लोगों में दहशत सी फैल गई है।