Rainfall

सोमवार शाम से लगातार हो रही बारिश के चलते मुंबई और ठाणे के विभिन्न हिस्सों में भरे पानी के कारण सड़क और रेलवे ट्रैक डूबे हुए हैं। सड़कें समंदर बन गईं। आपको बता दें कि कई फ्लाइट्स को निरस्त कर दी गई हैं। वहीं निचली इलाकों की सड़कों पर पानी भरा हुआ है। तेज हवा के कारण दर्जनों पेड़ गिर गए हैं।

एक तरफ जहाँ मुंबई में जलभराव की स्थिति है। इसके चलते हिंदमाता, दादर, एल्फिन्स्टोन क्षेत्र, अंधेरी पूर्व, वडाला, जोगेश्वरी स्टेशन, खार पश्चिम, जोगेश्वरी, अंधेरी. जोगेश्वरी विक्रोली लिंक रोड पर ट्रैफिक जाम भी हो गया है। आज स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे, जबकि शेयर बाजार खुले रहेंगे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है।

मौसम विभाग ने भारी बारिश अगले 24 घंटे तक जारी रहने की चेतावनी दी है। मुंबई और ठाणे में भूस्खलन को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। पुणे स्थित सेंटर फॉर सिटिजन साइंस (सीसीएस) ने भूस्खलन को लेकर चेतावनी जारी की है। इसके अनुसार, अनूप हिल, घाटकोपर (पश्चिम), कल्याण (पूर्व), विरार, जिबर्ट हिल, चेंबूर, पंजारपोल, नकाडीपाड़ा, बांदी और ठाणे एवं मुलुंड इलाके में भूस्खलन हो सकता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडऩवीस से फोन पर हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री फडऩवीस ने शाम को स्वयं आपदा प्रबंधन केंद्र जाकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश जारी किया।