पुलिस गिरोह

लखनऊ : सआदतगंज थाने की पुलिस ने 70 लाख के पुराने नोटों के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। सभी नोट एक-एक हजार रुपये के हैं। पकड़े गए अभियुक्तों में तेलीबाग निवासी रंजय कुमार सिंह जमीन का कारोबारी है। मुरादाबाद निवासी सोमेश लेबर सुपरवाइजर है। आजमगढ़ निवासी निखिल वर्मा जमीन का कारोबार करने के साथ सिविल सेवा परीक्षा की भी तैयारी कर रहा है।

एसओ सआदतगंज समर बहादुर यादव ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि 18 प्रतिशत के हिसाब से एक गिरोह पुराने नोट बदलने का काम करता है। इसके बाद एसओ ने नोट बदलने वाले जालसाजों को फोन किया और पुराने नोट के बदले नए नोट देने का सौदा तय हुआ। एक हजार की पुरानी नोट के बदले 180 रुपये देने की बात तय हुई।

सप्ताहभर बातचीत चलती रही। रविवार देर शाम को सौदा तय हुआ। एसओ ने ग्राहक बनकर स्थान तय किया। सौदा तय हो जाने के बाद दो बाइकों से तीन लोग कोठारी बंधु थाना सआदतगंज पहुंचे। उन्हें भनक तक नहीं थी कि पुलिस ने उन्हें जाल में फंसाने के लिए नोट बदलने का सौदा तय किया था।

तीनों के पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। इनकम टैक्स की टीम को भी पुलिस ने जानकारी दे दी थी। पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ में पता चला कि नोटबंदी के बाद दो बार पहले भी पुराने नोट बदल चुके थे।

पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। इसके साथ ही यह भी पता लगा रही कि आरोपित 70 लाख के नोट कहां से लाए थे और इतने दिन छुपाकर कहां रखा था। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में सआदतगंज थाने के दारोगा पंकज त्यागी, श्रवण चंद्र, सिपाही अभिषेक, मनोज, संजीव व विशाल हैं।