यूपी

लखनऊ : यूपी पुलिस ने पश्चिमी यूपी के करीब 2,000 मदरसों और मस्जिदों पर निगरानी बढ़ा दी है। ऐसा पुलिस ने यूपी में आईएस के छाए की खबरों के कारण किया है। आपको बता दें कि कथित आतंकी साजिश में शामिल होने के शक में 6 राज्यों की पुलिस ने कुछ मुस्लिम युवकों को हिरासत में लिया था। बताया जा रहा है कि उन पांचों पर आतंकी साजिश रचकर दिल्ली और यूपी को निशाना बनाने का आरोप है।

एक अंग्रेजी अखबार की खबर के मुताबिक जिन लोगों को पकड़ा गया है, वे सभी अलग-अलग मदरसों में पढ़ाई कर रहे थे। यूपी पुलिस ने उनमें से चार को तो पूछताछ के बाद शुक्रवार (21 अप्रैल) को छोड़ दिया और सिर्फ एक को गिरफ्तार किया था। जिस शख्स को गिरफ्तार किया गया है, उसका नाम मोहम्मद फैजान है। वह वहां की एक मस्जिद का इमाम है।

इस मामले में बिजनौर के पुलिस अधीक्षक अजय सहनी ने बताया कि पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां बिजनौर और इसके आसपास के इलाकों में धार्मिक संस्थानों पर कड़ी नजर रखेंगी। अल्पसंख्यक विभाग के डेटा के मुताबिक इस इलाके में करीब 500 मदरसे हैं, जिनमें 15 डिग्री लेवल के हैं और 55 हाई स्कूल लेवल के हैं। इलाके के 1,500 मस्जिदों पर पुलिस नजर रख रही है।

आपको बता दें कि जिन लोगों को यूपी ATS ने पकड़ा था, उनको बाद में छोड़ दिया गया था। उनके माता-पिता को भी बुलाया गया था। सबको चेतावनी दी गई थी। दावा किया गया था कि उनके पास से आईएस का साहित्य भी मिला था। फिलहाल उनको छोड़ तो दिया गया है, मगर अगले छह महीने तक उनपर कड़ी नजर रखी जाएगी। ये गिरफ्तारियां बिजनौर, महाराष्ट्र के मुंब्रा, पंजाब के जालंधर और बिहार के पूर्वी चंपारण से हुई थी।